SGRR विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य आगाज़ 

देहरादून।  श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में बुधवार को सांस्कृतिक उल्लास, रचनात्मकता और छात्र ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। 4 फरवरी से 7 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के निरंतर अवसर प्रदान करता है, जिससे उनमें संगठन, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और फूड फेस्ट सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

सांस्कृतिक सप्ताह के पहले दिन आयोजित फैशन शो में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *