देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में 4 फरवरी 2026 को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। ऑन्कोलॉजी विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सिंग छात्रा के स्वागत संबोधन से हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. पंकज गर्ग, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. रचित आहूजा सहित संकाय सदस्य, निर्णायक मंडल और छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने विश्व कैंसर दिवस के महत्व और कैंसर रोकथाम में नर्सों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कैंसर की प्रारंभिक जांच, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों में छात्रों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। नर्सिंग छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रोल प्ले के माध्यम से कैंसर के कारणों, लक्षणों, भ्रांतियों और समय पर उपचार के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता और मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने कैंसर जागरूकता और रोकथाम से जुड़े रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
