सड़क न होने से मरीजों और छात्रों का जीवन हुआ दुश्वार, ग्रामीणों ने कहा- जल्द काम शुरू न हुआ तो करेंगे उग्र प्रदर्शन

नई टिहरी। देश की आजादी के 78 वर्ष बीत जाने और विकास के तमाम दावों के बावजूद टिहरी जनपद के विकासखंड चंबा स्थित ग्राम पंचायत स्वाड़ी आज भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए तरस रही है। सड़क की स्वीकृति मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने से ग्रामीणों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में ग्राम प्रधान संतोषी देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा व्यक्त की और जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू करवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग की अनदेखी की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत स्वाड़ी का चलिखाल क्षेत्र आज भी मुख्य धारा से कटा हुआ है। यहां प्रस्तावित नागदेव-पथल्ड-चलिखाल मोटर मार्ग का निर्माण केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि हरिजन बस्ती और पूरे गांव के सामाजिक उत्थान, सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए अनिवार्य आवश्यकता है। सड़क के अभाव में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को उठानी पड़ती है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को डोली या कुर्सी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे कई बार उनकी जान पर बन आती है। सुविधाओं के अभाव में गांव का जीवन स्तर लगातार गिरता जा रहा है।

ग्राम प्रधान संतोषी देवी ने बताया कि यह मोटर मार्ग ग्राम पंचायत के बहुमत की सहमति से प्रस्तावित किया गया था, ताकि सबका विकास हो सके। लेकिन दुर्भाग्यवश, कुछ लोगों द्वारा निजी स्वार्थ और संकीर्ण मानसिकता के चलते इस पर बेबुनियाद आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इन आपत्तियों के कारण वर्षों से यह महत्वपूर्ण परियोजना अधर में लटकी हुई है, जिसका खामियाजा गांव के गरीब और वंचित वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों का मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *