उत्तराखंड को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को देश और दुनिया के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। वे बुधवार को मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट, किमाड़ी में इंटरनेशनल कन्वेन्शन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज (ICEI) द्वारा आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखण्ड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन में शामिल हुए।

 

मुख्यमंत्री ने देशभर से पहुंचे वेडिंग प्लानर्स, इवेंट विशेषज्ञों, पर्यटन उद्यमियों और अतिथियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन राज्य में पर्यटन और विशेष रूप से वेडिंग टूरिज्म के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन उत्तराखंड’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उत्तराखंड की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए विशेष पहचान प्रदान करती है। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मंदिर सहित कई धार्मिक और प्राकृतिक स्थल इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं रखते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रियुगीनारायण, ओंकारेश्वर (ऊखीमठ), रामनगर, टिहरी और मसूरी जैसे स्थलों को डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यवसायों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में वेडिंग टूरिज्म के साथ वेलनेस और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश अनुकूल नीतियों और सिंगल विंडो व्यवस्था के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विशेषज्ञों और निवेशकों के सहयोग से उत्तराखंड को विश्व के सर्वश्रेष्ठ वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल करने का संकल्प पूरा किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *