खांड्यूंसैंण से पौड़ी तक चक्काजाम, डीएफओ को भी झेलना पड़ा ग्रामीणों का आक्रोश; डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
पौड़ी। खांड्यूंसैंण के ओजली में गुलदार के हमले में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश भड़क उठा। मंगलवार देर शाम हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। खांड्यूंसैंण से लेकर पौड़ी मुख्यालय तक चक्काजाम और प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी को भी ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं, डीएफओ गढ़वाल के साथ भी धक्कामुक्की की गई।

ग्रामीणों ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर जाम लगाकर वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग और प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
डीएम के नहीं पहुंचने पर पौड़ी मुख्यालय पहुंचे ग्रामीण
घटनास्थल पर जिलाधिकारी के नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने पौड़ी मुख्यालय की ओर रुख किया। यहां आक्रोशित लोगों ने एजेंसी चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शनकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने, वन विभाग की गश्त बढ़ाने और संवेदनशील गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विधायक राजकुमार पोरी के साथ अभद्रता और गाड़ी तोड़ने का आरोप
घटनास्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। विधायक ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कुछ बाहरी लोगों ने उनके साथ अभद्रता और बदसलूकी की। उन्होंने दावा किया कि उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया गया और उन्हें गाली-गलौज करते हुए निशाना बनाया गया।
विधायक ने कहा कि कांग्रेसियों का मकसद पीड़ित परिवार का साथ देना नहीं, बल्कि उन्हें निशाना बनाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दुखद घटना को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया गया।
दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग
विधायक राजकुमार पोरी ने प्रशासन से उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोगों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इधर, बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों में भय और प्रशासन के प्रति नाराजगी का माहौल बना हुआ है। मंगलवार रात से जारी विरोध-प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि गुलदार के आतंक से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी होगी।
