न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों पर पुलिस ने की कार्रवाई, त्योहारों को लेकर कोतवाली प्रभारी ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
रुड़की। न्यायालय से जारी वारंटों की तामील को लेकर लक्सर कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाते हुए एक महिला समेत चार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।

प्राप्त पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर न्यायालय से प्राप्त आदेशिकाओं की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के लिए कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था।
पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर सुनील पुत्र महेंद्र निवासी ग्राम अकोढ़ा खुर्द, सचिन पुत्र स्वर्गीय पप्पू निवासी पीतपुर, मंगल सिंह पुत्र आत्मा सिंह तथा रूपा पत्नी मिंटू निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार चारों वारंटियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक समीर पांडे, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, हेड कांस्टेबल शूरवीर तोमर, कांस्टेबल सुनील कुमार, मोहित, कपिल देव और महिला कांस्टेबल पूनम शामिल रहे।
त्योहारों को लेकर पुलिस की नागरिकों से अपील
आगामी त्योहारों को देखते हुए कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान चोर-उचक्के, उठाईगीरे, लुटेरे और ठग सक्रिय हो सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपने घरों के आसपास, बाजारों, खेत-खलिहानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी अथवा कोतवाली को सूचना देने की अपील की।
कोतवाली प्रभारी ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। नागरिकों की सतर्कता और पुलिस का सहयोग ही अपराधों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
