आगरा के तत्वावधान में इटली के बोलोनिया शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में 40 से अधिक देशों की रही भागीदारी
Dehradun: इटली के बोलोनिया शहर में संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के अवसर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में भारत की डॉ. पूजा गौड़ को वैश्विक पहल के लिए प्रतिष्ठित ‘चेंज मेकर अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान महिलाओं एवं किसानों को विपणन से जोड़ने, एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) के माध्यम से सहयोगात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने, व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक तकनीकों को कृषि से जोड़ने के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्व के 40 से अधिक देशों ने भागीदारी की।

डॉ. पूजा गौड़ का चयन भारत से उनके उल्लेखनीय कार्यों और ग्रामीण विकास एवं कृषि क्षेत्र में उनके योगदान के आधार पर किया गया। उनके सराहनीय कार्यों के लिए इससे पूर्व भी उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर देश की अनेक प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर डॉ. गौड़ ने कहा कि यह क्षण उनके जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण क्षण है। उनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना पूरे देश और उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन सभी युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो गांवों में रहकर कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना चाहते हैं। अब समय आ गया है कि पलायन को छोड़कर गांवों की ओर लौटें और ‘मृदा बचाओ, खेत बचाओ’ अभियान से जुड़कर जैविक खेती की नई क्रांति लाएं।

पूर्व में भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान
डॉ. पूजा गौड़ को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए अब तक कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली द्वारा नवोन्मेषी किसान सम्मान 2026, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा प्रगतिशील कृषक सम्मान 2026, उत्तराखंड सहकारिता विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 पर सहकारिता शक्ति सम्मान 2025, फार्म एन फूड दिल्ली प्रेस द्वारा कृषि सम्मान, कृषि जागरण-आईसीएआर द्वारा राष्ट्रीय स्तर का एमएफओआई मिलियनेयर फार्मर ऑफ इंडिया पुरस्कार, कृषि क्षेत्र में राज्य स्तरीय एमएफओआई पुरस्कार तथा कृषि विपणन बोर्ड, देहरादून द्वारा किसान श्री सम्मान प्रमुख हैं।
डॉ. पूजा गौड़ की यह उपलब्धि कृषि, महिला सशक्तिकरण, किसान उद्यमिता और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
