साहिया। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया में अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा एक दिवसीय फॉलो-अप कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्रवृत्ति प्राप्त छात्राओं से संवाद कर छात्रवृत्ति के उपयोग तथा उनके शैक्षिक अनुभवों की जानकारी ली गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. चंद्रा ने बताया कि अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों से उत्तीर्ण छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ना, महाविद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा लैंगिक असमानता को कम करना है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
इस दौरान ब्लॉक समन्वयक संजीव कुमार ने छात्राओं से संवाद करते हुए छात्रवृत्ति के सदुपयोग की जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, परीक्षा आवेदन शुल्क तथा ऑनलाइन अध्ययन के लिए स्मार्टफोन खरीदने में किया है।
महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ. प्रियंका जलाल ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में प्रथम वर्ष की 22 छात्राओं को अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से 30-30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि वे इस आर्थिक सहायता का उपयोग अपनी उच्च शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में करें। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व पर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए।
