विकासनगर। 25 मई से आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में शिवालिक एकेडमी के कैडेट्स उत्साह, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ विद्यालय की शिक्षिका शम्मी चौहान के नेतृत्व में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
शिविर के प्रथम दिवस पर कैडेट्स को आवासीय कक्ष आवंटित किए गए तथा उन्हें शिविर के वातावरण में स्वयं को व्यवस्थित करने का अवसर प्रदान किया गया। द्वितीय दिवस पर भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र आयुष पंत को समारोह के दो पायलटों में से एक के रूप में चयनित किया गया। शिविर का उद्घाटन कमांडिंग ऑफिसर द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद विभिन्न प्रशिक्षण एवं प्रतियोगी गतिविधियों का शुभारंभ हुआ।
शिविर में सभी कैडेट्स को चार कंपनियों—अल्फा, ब्रावो, चार्ली एवं डेल्टा—में विभाजित किया गया, जिनमें शिवालिक एकेडमी के कैडेट्स को अल्फा कंपनी में स्थान मिला। शिविर के दौरान आयोजित फायरिंग प्रशिक्षण में विद्यालय के कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रत्येक कैडेट ने पांच राउंड फायर किए, जिनमें कई विद्यार्थियों ने सभी गोलियां लक्ष्य पर साधीं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर फायरिंग इंचार्ज ने विशेष रूप से शिवालिक एकेडमी के कैडेट्स की सराहना की।
खेल प्रतियोगिताओं में भी शिवालिक एकेडमी के कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 22 से अधिक विद्यालयों की भागीदारी वाले जूनियर डिवीजन/जूनियर विंग खो-खो टूर्नामेंट में शिवालिक एकेडमी ने अपने पहले मुकाबले में कैंटबरी बेल, डोईवाला को 17-03 से पराजित किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में रेडियंट स्कूल को 13-03 से हराकर टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कैडेट्स की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिविर में कैडेट्स का अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन विद्यालय के लिए गौरव का विषय बना हुआ है।
