देहरादून। फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण देहरादून और काशीपुर में उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान छात्रों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और फिटनेस प्रेमियों ने साइकिल रैली निकालकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। देहरादून में करीब 300 और काशीपुर में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
देहरादून में कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के सहयोग से किया। कार्यक्रम का नेतृत्व खेल निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश ममगाईं ने किया। इस दौरान SAI लखनऊ के सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम और खेल निदेशालय के सहायक निदेशक संजीव कुमार पौरी भी मौजूद रहे।

राजेश ममगाईं ने कहा कि फिट इंडिया अभियान को जनआंदोलन के रूप में विकसित करना उत्साहजनक है। भारत के 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य को देखते हुए जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति मजबूत करना और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
वहीं काशीपुर में साइकिल रैली के बाद जुम्बा, एरोबिक्स, रस्साकशी, बोरा दौड़ और रस्सी कूद जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस ऐतिहासिक संस्करण का मुख्य आयोजन पुणे में हुआ, जहां केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने साइकिल रैली का नेतृत्व किया। देशभर के 600 से अधिक जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में 1.5 लाख से अधिक माई भारत स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत की शपथ भी ली।
गौरतलब है कि 17 दिसंबर 2024 को शुरू हुई इस पहल ने अब तक देशभर में लगभग 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की है। इसका उद्देश्य साइकिलिंग को बढ़ावा देने के साथ लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
