Your Website Description

दून मेडिकल कॉलेज में सीएम धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण

नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रधानमंत्री के संदेशों को बताया महत्वपूर्ण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 140वां संस्करण सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देशभर में हो रहे नवाचारों, जनसेवा और प्रेरणादायी प्रयासों को पहचान मिल रही है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा और कला-संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों पर विचार साझा किए।

सीएम धामी ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता और जनसहभागिता जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *