बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई चौकसी

 

रुद्रप्रयाग लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर भी पड़ने लगा है। खराब मौसम के चलते धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है, जबकि जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी और अधिक सख्त कर दी है।

 

बारिश के कारण गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रामबाड़ा और छोटी लिनचोली के बीच भू-धंसाव से यह क्षेत्र अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है। प्रशासन ने डेंजर जोन में राहत एवं बचाव दल तैनात कर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की है। डीडीआरएफ और वाईएमएफ के आपदा मित्र मौके पर लगातार तैनात हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों को नियंत्रित तरीके से पार कराया जा रहा है।

 

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से पूरे यात्रा मार्ग की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जल्द ही कांवड़ यात्रा भी शुरू होने वाली है, जिसे देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट जारी रहता है और परिस्थितियां प्रतिकूल बनी रहती हैं, तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर यात्रा को अस्थायी रूप से रोका भी जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है और सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *