देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधिमंडलों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर मुख्यमंत्री को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री से गुरुद्वारा सभा, भाजपा महिला मोर्चा, किसान आयोग, अखिल गढ़वाल सभा और प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश की जनता के विश्वास और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता, सुशासन, सेवा और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। साथ ही समाज के सभी वर्गों और संगठनों की सहभागिता से उत्तराखंड को विकास के नए शिखर तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
