बारिश के बावजूद परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन रहा सतर्क
नई टिहरी। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन बीती शनिवार, 29 जून को जनपद टिहरी गढ़वाल के दो परीक्षा केंद्रों—राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, बौराड़ी तथा सेंट एंथनी पब्लिक स्कूल, ढुंगीधार—में किया गया। परीक्षा में जिले के विभिन्न हिस्सों से लेकर अन्य जनपदों से आए लगभग 604 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने दोनों परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगातार हो रही वर्षा के बीच अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रों के आसपास ही खानपान की सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे परीक्षार्थियों को लंच टाइम में दूर जाने की आवश्यकता न पड़े।
जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही और उन्हें परीक्षा केंद्रों के निकट ही ठहरने की सलाह दी। होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षार्थियों से केवल सामान्य शुल्क ही लिया जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता हेतु आपदा कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर सभी परीक्षार्थियों के साथ साझा किए गए हैं।
जिला प्रशासन की इन व्यवस्थाओं के चलते अभ्यर्थियों को सहज और सुरक्षित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिला। बारिश के बावजूद प्रशासन की सक्रियता और सजगता ने सुनिश्चित किया कि कोई अव्यवस्था न हो और परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
