Haridwar/ लालढांग/रसूलपुर। लालढांग क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर आर्यनगर में रवासन नदी पर झूला पुल निर्माण की मांग को लेकर झूला पुल संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। धरने का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल कर रहे हैं।
धरना स्थल पर लगे बैनर पर “ग्राम रसूलपुर आर्यनगर में झूला पुल की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन” लिखा है। निवेदक में बृजमोहन पोखरियाल (सदस्य जिला पंचायत लालढांग) एवं समस्त क्षेत्रीय जनता का नाम है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में रवासन नदी उफान पर आ जाती है, जिसके कारण कई लोग जान गंवा चुके हैं। जब तक शासनादेश जारी होकर काम शुरू नहीं होता, तब तक धरना खत्म नहीं किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल ने कहा कि झूला पुल की मांग लंबे समय से चली आ रही है और क्षेत्र के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक पुल का काम शुरू नहीं होता, धरना जारी रहेगा।
धरने में पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, दीपक जखमोला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को एक बैनर तले आना चाहिए।
