मानव अधिकार संरक्षण केन्द्र, उत्तराखंड द्वारा संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
देहरादून: मानव अधिकार संरक्षण केन्द्र, उत्तराखंड द्वारा “नए बी.एन.एस. कानून एवं मानव अधिकारों का संरक्षण” विषय पर संगोष्ठी एवं 9वां मानव अधिकार संरक्षण रत्न सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मानव अधिकारों की सुरक्षा के महत्व पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर उदयन केयर ट्रस्ट को बाल कल्याण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। ट्रस्ट की ओर से यह सम्मान उदयन शालिनी फैलोशिप देहरादून के संयोजक विमल डबराल ने न्यायमूर्ति डॉ. राजेश टंडन एवं अपर पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार के कर-कमलों से ग्रहण किया। यह सम्मान उदयन केयर ट्रस्ट की प्रभावी सेवाओं और संवेदनशील कार्यशैली का प्रमाण है।
उदयन केयर ट्रस्ट द्वारा संचालित उदयन शालिनी फैलोशिप कार्यक्रम देश के 16 राज्यों में संचालित है, जिसके अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्राओं को कक्षा 11 से उच्च शिक्षा तक निरंतर आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह कार्यक्रम शिक्षा के साथ कैरियर मार्गदर्शन, मेंटरिंग, व्यक्तित्व विकास और रोजगार क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित है, जिससे छात्राएं आत्मनिर्भर बनकर समाज में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
इसके अतिरिक्त ट्रस्ट द्वारा अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों के लिए ‘उदयन घर’ नामक आवासीय संस्थान संचालित किए जा रहे हैं, जहां बच्चों के समुचित पालन-पोषण एवं देखभाल की व्यवस्था की जाती है।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. आर.के. जैन, डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. कुंवर राज अस्थाना, डॉ. प्रेम कश्यप सहित बड़ी संख्या में मानवाधिकार कार्यकर्ता, विशेषज्ञ एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
