डोईवाला–लच्छीवाला टोल प्लाजा को हाथी कॉरिडोर से हटाने की मांग तेज

डोईवाला। लच्छीवाला स्थित टोल प्लाजा को हाथी कॉरिडोर क्षेत्र से स्थानांतरित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। डोईवाला के विधायक बृजभूषण गैरोला ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने ज्ञापन में बताया कि लच्छीवाला क्षेत्र हाथियों के प्राकृतिक आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ऐसे संवेदनशील हाथी कॉरिडोर में टोल प्लाजा का संचालन मानव–वन्यजीव संघर्ष को बढ़ावा दे सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में इस क्षेत्र में हाथियों द्वारा राहगीरों और वाहन चालकों पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहता है।

गैरोला ने कहा कि टोल प्लाजा पर वाहनों का रुकना, लंबी कतारें लगना और बढ़ता शोर हाथियों को आक्रामक बना सकता है। इससे यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोग लंबे समय से टोल प्लाजा को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग कर रहे हैं।

विधायक ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि संभावित हादसों को रोकने के लिए टोल प्लाजा को जल्द किसी सुरक्षित वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्रालय इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *