मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में देहरादून ने हासिल की 98.48% प्रपत्र वितरण की उपलब्धि

देहरादून:
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 13,55,948 (98.48 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 10,98,179 (79.76 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वर्तमान में 1,42,485 (10.35 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और 1,36,149 (9.89 प्रतिशत) मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त होना शेष है।

बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाताओं को गणना प्रपत्र समय पर जमा कराने में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश गणना प्रपत्र नहीं पहुंच पाए हैं, उनके संबंध में बीएलओ स्थानीय सत्यापन के आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों की सूची तैयार करेंगे। यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों तथा जिला एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी और राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाती है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी दलों से जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग का पूर्ण सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *