मानसून को लेकर गढ़वाल मंडल अलर्ट, चारधाम यात्रा मार्गों पर बढ़ाई निगरानी

देहरादून:
आगामी मानसून सीजन को देखते हुए गढ़वाल मंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के निर्देशन में मंडल के सभी जिलों में संभावित आपदा से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। इन अभ्यासों का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल समेत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। सभी अधिकारियों को आवश्यक संसाधन, उपकरण और पर्याप्त मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना विलंब के शुरू किए जा सकें।

चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम विभाग के पूर्वानुमान और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

गढ़वाल मंडल प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई की रणनीति के साथ प्रशासन किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *