रुद्रप्रयाग:
चारधाम यात्रा के बीच केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहा है। प्रशासन, सुलभ इंटरनेशनल और नगर पंचायत केदारनाथ की संयुक्त पहल से 10 दिनों के भीतर 9.5 टन से अधिक ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया है।
18 से 27 जून तक चले अभियान में पर्यावरण मित्रों ने धाम और यात्रा मार्ग से 2,332 बैगों में 9,549 किलोग्राम प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरा एकत्र किया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सफाई कर्मियों ने लगातार अभियान चलाकर यात्रा मार्ग की स्वच्छता बनाए रखी।
एकत्रित कचरे को पहले गौरीकुंड तक पहुंचाया गया, जहां से उसे सोनप्रयाग स्थित सुलभ इंटरनेशनल के कॉम्पेक्टर प्लांट में वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारित किया गया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ धाम की स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी श्रद्धालुओं की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है और आगे भी आधुनिक एवं टिकाऊ कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान प्लास्टिक और अन्य कचरा खुले में न फेंकें तथा निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें, ताकि केदारनाथ धाम की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
