दिल्ली रैली को लेकर सीपीएम का जत्था नई टिहरी पहुंचा, सुमन पार्क में सभा कर कार्यकर्ताओं से जुड़ने का आह्वान

नई टिहरी।
भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के देशव्यापी आह्वान पर आगामी 24 मार्च को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों और जनता से संवाद के क्रम में पार्टी का एक जत्था रविवार को नई टिहरी पहुंचा। यह जत्था 8 मार्च को देहरादून से रवाना हुआ था। नई टिहरी नगर पहुंचने पर पार्टी की जिला कमेटी ने सुमन पार्क के बाहर नेताओं का स्वागत किया।

इस अवसर पर सुमन पार्क के बाहर एक सभा का आयोजन किया गया। सभा से पूर्व पार्क में स्थापित टिहरी जनक्रांति के नायक श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सभा को पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य राजेंद्र नेगी, राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित, किसान सभा के केंद्रीय कमेटी सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी, सीटू के जिला सचिव चिंता मणि थपलियाल, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य अध्यक्ष नितिन मलेठा, किसान सभा के जिलाध्यक्ष जबर सिंह नेगी, जिला सचिव भगवान सिंह राणा, कृपाल सिंह कठैत तथा एसएफआई के राज्य सचिव शैलेंद्र परमार सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। सभा से पहले क्रांतिकारी जनगीतों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया।

नेताओं ने अपने संबोधन में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि श्रम कानूनों, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने मजदूर-किसान एकता को मजबूत करने और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 24 मार्च को दिल्ली में होने वाली रैली में जनपद से बड़ी संख्या में भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पार्टी और विभिन्न जनसंगठनों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *