छोटा स्यूटा गांव ने लिया नशा मुक्त बनने का संकल्प, ग्राम सुधार समिति का गठन

नई टिहरी। जनपद टिहरी के विकासखंड चंबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटा स्यूटा में आयोजित ग्राम पंचायत की बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। बैठक में गांव में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए सामाजिक जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से इसे रोकने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

ग्राम पंचायत की बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के लिए ग्राम सुधार समिति का गठन किया जाए। यह समिति गांव में समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, बैठकों और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी और नशा मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में कार्य करेगी। बैठक में सर्वसम्मति से सीमा को ग्राम सुधार समिति का अध्यक्ष, जयेंद्र भंडारी को उपाध्यक्ष और अंकित बिष्ट को सचिव चुना गया है। समिति में गांव के अन्य जागरूक नागरिकों को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, जो इस सामाजिक अभियान को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में शराब नहीं संस्कार अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने ग्रामीणों को नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि गांव स्तर से शुरू हुई ऐसी पहल पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ, संस्कारित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है। बैठक में ग्राम प्रधान दर्शनी देवी, ममता, सीता देवी, सविता, सुशीला, लक्ष्मी, शांति, संतोष, उर्मिला, सुनीता, रजनी, पूजा, हंसा देवी, ऊषा, दिनेश भंडारी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *