प्रतापनगर के प्रथम विधायक फूल सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि


नई टिहरी। जनपद के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले तथा प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रथम विधायक रहे स्व. फूल सिंह बिष्ट की 14वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर नई टिहरी स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने कहा कि फूल सिंह बिष्ट एक दूरदर्शी और योजनाबद्ध सोच वाले नेता थे। उनके विधायक कार्यकाल में प्रतापनगर क्षेत्र में विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित हुए, जिनका लाभ जनता को आज भी मिल रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने कहा कि बिष्ट का योगदान जनमानस के स्मृति पटल पर सदैव अंकित रहेगा और उनके द्वारा रखी गई विकास की नींव ने क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ा।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार एवं पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौडियाल ने फूल सिंह बिष्ट के प्रमुख विकास कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि टिहरी झील पर बने देश के सबसे लंबे झूला पुल डोबरा-चांटी की परिकल्पना और निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। इसके अलावा अन्य झूला पुलों के निर्माण, विस्थापितों एवं प्रभावितों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने में भी उनकी अहम भूमिका रही।

वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को भी याद किया, जिसमें लंबगांव एवं अगरौड़ा महाविद्यालय की स्थापना प्रमुख है। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसजनों ने कहा कि स्व. फूल सिंह बिष्ट द्वारा किए गए विकास कार्य आज भी क्षेत्र की पहचान बने हुए हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *