राज्यसभा सांसद बंसल  ने की सांसद आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा

देहरादून । राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत जीवनवाला में संचालित कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम जीवनवाला में मूलभूत सुविधाओं का विकास के साथ ग्राम पंचायत को सभी विभागीय योजनाओं से शत प्रतिशत आच्छादित करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को राजपुर रोड़ स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने सांसद आदर्श ग्राम के हर घर में सोलर लाइट लगाने के लिए उरेडा एवं विद्युत विभाग को पूरा प्राजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए ताकि आदर्श ग्राम के हर घर में बिजली का बिल शून्य हो और हर परिवार को इसका लाभ मिले। सांसद ने कहा कि इसके लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता पड़ने पर सांसद निधि और सीएसआर फंड से इसकी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सांसद आदर्श ग्रामों में सोलर लाइट के लिए सर्वे कराते हुए एक माह के भीतर इसका प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
अमृत सरोवर योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवरों पर पर्यटन गतिविधि संचालित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। सौन्दर्यीकरण के साथ पर्यटक सुविधाएं जुटाते हुए अमृत सरोवरों को टूरिस्ट स्थल के रूप विकसित करें। इससे आदर्श ग्राम के लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार की सुविधा मिलेगी।
बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विद्युत, पेयजल, सड़क, ग्राम्य विकास, सहकारिता, सेवायोजना आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *