जनता दरबार में 195 शिकायतें दर्ज, डीएम सविन बंसल ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, एडीए एवं नगर निगम से संबंधित कुल 195 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान समाज के कमजोर, बुजुर्ग एवं पीड़ित वर्ग से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और कमजोर वर्ग के सम्मान एवं सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

अम्बीवाला निवासी नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने न्यायालय में विचाराधीन भूमि विवाद के बावजूद पेड़ कटान की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को अग्रिम आदेशों तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में रिपोर्ट निराधार पाए जाने पर एसडीएम विकासनगर को शिकायतकर्ता को कब्जा दिलाने के आदेश दिए गए।

डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री द्वारा जान-माल के खतरे की शिकायत पर लंबित प्रकरण को फास्ट ट्रैक सुनवाई हेतु जिला कार्यालय स्थानांतरित किया गया। जौलीग्रांट निवासी बुजुर्ग विधवा लक्ष्मी तोमर के ₹1.37 लाख के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल के भुगतान में देरी पर जिलाधिकारी ने शिक्षा अधिकारी से तत्काल आख्या तलब की।

एटनबाग के काश्तकारों द्वारा सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को दो दिन में जांच के निर्देश दिए गए। डालनवाला क्षेत्र में ₹8 लाख की ठगी के मामले में क्षेत्राधिकारी पुलिस को कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए। ऋषिकेश व हरिपुर कलां क्षेत्र से बुजुर्गों से जुड़े घरेलू और भूमि विवाद मामलों में भी त्वरित जांच के निर्देश दिए गए।

कारगी चौक, कुंज विहार निवासी ममता नौटियाल की सीवर लाइन से जुड़ी शिकायत पर संबंधित संस्था को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं डोईवाला निवासी दीपा की निःशुल्क कानूनी सहायता की मांग पर मामला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *