Dehradun । स्पेसियल स्कूल की छात्राओं ने भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन राजभवन देहरादून में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह तथा उनकी धर्मपत्नी गुरमीत कौर के साथ मनाया।
अध्यापिका प्रीति एवं भावना के नेतृत्व में 12 छात्राओं ने प्रातः 10 बजे राज्यपाल को सप्रेम राखी भेंट की। राज्यपाल ने भी सभी छात्राओं को मिठाई और उपहार प्रदान किए तथा रक्षा सूत्र बंधवाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमें रिश्तों की पवित्रता बनाए रखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। यह पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने के साथ ही समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को भी गहरा करता है।
कार्यक्रम में स्पेसियल विद्यालय प्रबंधक रविकांत सैनी, रशिता सैनी, स्कूल निदेशिका रश्मि गोयल तथा प्रधानाचार्य नवीन रंजना ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।
