कुंभ मेला-2027: सीएम धामी ने दिए अक्टूबर तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुम्भ मेला-2027, हरिद्वार की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले से संबंधित सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। शासन स्तर पर कुंभ से जुड़ी कोई भी फाइल लंबित न रहे, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता कुंभ मेले का भव्य, दिव्य और सफल आयोजन है।

मुख्यमंत्री ने सचिव लोक निर्माण विभाग को 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने और सभी घाटों के सौंदर्यीकरण व आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी सहित अन्य सभी घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित स्नान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र की स्वच्छता को लेकर विस्तृत कार्य योजना तैयार करने, प्रमुख स्थलों पर शौचालय व पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल, जल पुलिस की तैनाती तथा ड्रोन, सीसीटीवी सहित आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया। इसके साथ ही कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की अलग से विस्तृत योजना बनाने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को समयबद्ध रूप से भूमि आवंटन किया जाए, जिसकी निगरानी मेलाधिकारी स्वयं करें। अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं एवं स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां की जाएं। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में आवागमन सुचारु रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

वन संबंधी मामलों में शीघ्र अनुमति लेने, अन्य राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने और सभी विकास कार्य कागजों के साथ धरातल पर भी दिखाई देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने आवास, टेंट सिटी, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस एवं मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला हमारी संस्कृति और आस्था से जुड़ा एक विशाल धार्मिक आयोजन है। इसे सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु उत्तराखंड से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *