CM पुष्कर सिंह धामी ने की जनगणना 2027 की शुरुआत, खुद की स्व-गणना कर दिया डिजिटल अभियान को बढ़ावा


देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में जनगणना 2027 के तहत अपनी स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया पूरी करते हुए राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें डिजिटल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की ओर बढ़ रहा है, जिससे पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने इसे भारत के डिजिटल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

जनगणना 2027 के पहले चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ (HLO) के तहत आवासीय स्थिति, सुविधाओं और परिवार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से वे ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और त्रुटिरहित बनने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े राज्य और देश की नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए डेटा की शुद्धता अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्व-गणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना 2027 देश के विकास की आधारशिला है और डिजिटल माध्यम से किया जा रहा यह प्रयास उत्तराखंड में डिजिटल सशक्तिकरण और जनभागीदारी को नई दिशा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *