देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से हवन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने मां भगवती से उत्तराखंड की उन्नति, प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और सभी नागरिकों के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
मातृशक्ति की आराधना का पर्व है नवरात्रि: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व मातृशक्ति की आराधना और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व समाज में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। यह परंपरा हमें बेटियों के सम्मान, उनके प्रति आदर और समाज में नारी शक्ति के महत्व को समझने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि मां दुर्गा की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास, शांति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

