Your Website Description

सड़क दुर्घटनाओं पर सीएम धामी सख्त, लापरवाही बरतने वाले विभागों की तय होगी जवाबदेही

देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पर्वतीय मार्गों पर विशेष निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में संचालित वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।

दुर्घटना संभावित स्थलों को किया जाए चिह्नित

सीएम धामी ने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय तत्काल सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पर्वतीय मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

लापरवाही पर नहीं होगी कोई ढिलाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि ठोस, प्रभावी और परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाने आवश्यक हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की सड़कों को सुरक्षित बनाना और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *