Your Website Description

भाजपा का ‘बूथ विजय अभियान’ 10 दिसंबर से, 2027 में जीत की हैट्रिक साधने की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी दिसंबर माह में ‘बूथ विजय अभियान’ शुरू करने जा रही है। 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ ही सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएगी।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि भाजपा चुनावी जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति के तहत बूथ विजय अभियान संचालित करने जा रही है। अभियान का शुभारंभ 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से प्रस्तावित है। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन प्राप्त होने की संभावना है। उनका 9 और 10 दिसंबर को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास प्रस्तावित है।

प्रवास के दौरान 9 दिसंबर की शाम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी। वहीं, 10 दिसंबर को अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र में सांगठनिक कार्यक्रमों के माध्यम से बूथ विजय अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ की बैठक में शामिल होंगे। इसके साथ ही एक बड़े शक्ति केंद्र सम्मेलन का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा।

बूथ अध्यक्षों के घर लगेंगी नाम पट्टिकाएं और पार्टी के झंडे

कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर संगठन की मजबूती को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अंतर्गत बूथ अध्यक्षों के घर पर उनके नाम की पट्टिका और पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य बूथ अध्यक्षों की संगठनात्मक भूमिका को मजबूत करने के साथ बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता और पहचान को बढ़ाना है।

लाभार्थियों और मतदाताओं से सीधा संवाद

अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और उन्हें सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही बूथ क्षेत्र में निवास करने वाले मतदाताओं से मुलाकात कर उन्हें पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

पार्टी उन कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी संपर्क करेगी, जो किसी कारणवश या व्यस्तता के चलते संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी नहीं कर पा रहे हैं। अभियान के तहत सरकार का रिपोर्ट कार्ड और उपलब्धियों से संबंधित जानकारी घर-घर पहुंचाई जाएगी तथा आम जनता के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा।

भाजपा का यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और जनसंपर्क बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *