टनकपुर-बनबसा की जलभराव समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ की योजना स्वीकृत, पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को किया सम्मानित
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जनपद में 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की पावन धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत टनकपुर में लगभग 21 किलोमीटर और बनबसा में 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखण्ड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य गतिमान है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ से बनेगा रोपवे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा बनबसा में भारत सरकार की लगभग 502 करोड़ रुपये की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे।
इसी प्रकार लगभग 55.53 करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) की स्थापना तथा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जनपद में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे। चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए सुनियोजित तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले जनपद के पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सम्मानित लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।
