दून के चार शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों से अभिभावकों और आसपास के लोगों को प्रेरित करने की अपील
देहरादून। आगामी जनगणना में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने और स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद के चार शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन स्वगणना, पंजीकरण और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज थानो, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश तथा राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल ऋषिकेश में आयोजित इन कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को बताया गया कि वे स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।

कार्यक्रमों में जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित एवं डॉ. मनोज शुक्ला ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्वगणना की प्रक्रिया, पंजीकरण, ऑनलाइन विवरण दर्ज करने और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व को सरल भाषा में समझाया। साथ ही प्रतिभागियों की तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
सौड़ा सरोली में 150 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ा सरोली में प्रधानाचार्य प्रदीप बहुगुणा के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में लगभग 150 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। प्रधानाचार्य ने सभी से स्वगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
थानो में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने ली शपथ
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज थानो में प्रधानाचार्य दीपक नेगी ने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं और 20 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वगणना प्रक्रिया में सहयोग करने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली।
ऋषिकेश के बालिका इंटर कॉलेज में 800 से अधिक छात्राओं को दी जानकारी
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऋषिकेश में प्रधानाचार्या अर्चना अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित जागरूकता शिविर में 800 से अधिक पंजीकृत छात्राओं और 40 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित ने स्वगणना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि वे स्वयं इस प्रक्रिया को समझकर अपने परिवार के सदस्यों को सहयोग दे सकें।
आईडीपीएल में 500 से अधिक प्रतिभागियों को समझाई डिजिटल स्वगणना
राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल ऋषिकेश में आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को जनगणना और डिजिटल स्वगणना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
फील्ड ट्रेनर डॉ. मनोज शुक्ला ने स्वगणना पोर्टल के उपयोग, ऑनलाइन विवरण दर्ज करने और सटीक आंकड़ों के महत्व की जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. के.एन. बिजल्वाण ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी को मातृभाषा के रूप में दर्ज करने की अपील
जनगणना एवं स्वगणना अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल ने भी मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल और फील्ड ट्रेनर द्वारिका प्रसाद पुरोहित एवं डॉ. मनोज शुक्ला के सहयोग से अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के नागरिकों एवं स्वयंसेवकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से प्रश्न संख्या-14 के अंतर्गत अपनी वास्तविक मातृभाषा का सही उल्लेख करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी सहित अपनी स्थानीय मातृभाषाओं की सही जानकारी दर्ज करें।
इसके साथ ही हिंदी एवं मातृभाषा के अतिरिक्त संस्कृत का सामान्य ज्ञान रखने वाले नागरिकों से इसे अन्य ज्ञात भाषा के रूप में दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं और संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनगणना में सही जानकारी दर्ज करना महत्वपूर्ण है।
विद्यार्थियों को बनाया जाएगा जन-जागरूकता का माध्यम
इन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और विद्यालयी कार्मिकों को स्वगणना प्रक्रिया से जोड़ने के साथ ही उन्हें जन-जागरूकता का माध्यम बनाने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी अपने परिवारों और आसपास के लोगों को जागरूक कर जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में प्रभावी योगदान देंगे।
