मुख्य सचिव ने किया लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का निरीक्षण, 2031 तक कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

 

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, जिससे कई राज्यों को लाभ मिलेगा। उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) और कार्यदायी संस्था एलएंडटी को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य देते हुए अगले दो-तीन दिनों में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके लिए मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि पहले परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित था।

उन्होंने परियोजना के लिए PERT चार्ट तैयार कर उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने यूजेवीएनएल और एलएंडटी के अधिकारियों को निर्माण स्थल पर रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने तथा केंद्रीय जल आयोग की अपेक्षानुसार सभी तकनीकी परीक्षण शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण जल्द पूरा करने और प्रभावित लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के एमडी ए.के. सिंह, निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सुजीत कुमार सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *