पंतनगर विश्वविद्यालय में दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ, कृषि नवाचार और विकसित भारत पर हुआ मंथन

 

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंतनगर विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि का गौरवशाली केंद्र बताते हुए कहा कि यह संस्थान देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन देने में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है तथा चावल उत्पादन में विश्व में अग्रणी बन चुका है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, घटते भूजल स्तर, मिट्टी के बिगड़ते स्वास्थ्य और बदलते मौसम जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को समय की आवश्यकता बताया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब कृषि विकसित होगी और किसान समृद्ध होंगे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से कम-से-कम अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का आह्वान भी किया।

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालयों के पूर्व छात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि, अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कृषि उत्पादन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व छात्रों एवं विशेषज्ञों की समिति बनाकर व्यावहारिक सुझाव देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ड्रोन तकनीक, डेटा एनालिटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल कृषि का युग है। इन आधुनिक तकनीकों के अनुरूप विश्वविद्यालयों और पूर्व छात्रों को भी अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी बनानी होगी। उन्होंने पर्वतीय कृषि की चुनौतियों—छोटे खेत, जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान, युवाओं का पलायन, सीमित बाजार और जलवायु परिवर्तन—के समाधान के लिए अनुसंधान, नवाचार और सामूहिक सहभागिता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने पंतनगर संग्रहालय तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, विद्यार्थियों से संवाद किया तथा धान की रोपाई में भी भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने का अनुरोध किया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. के. कश्यप ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

 

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *