चकराता। चकराता-कालसी मोटर मार्ग पर रविवार तड़के बरोरी मंदिर और सरला छानी के बीच भूस्खलन के कारण एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर आ गिरा। पेड़ के सड़क के बीचोंबीच गिरने से मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर चकराता पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
जानकारी के अनुसार चकराता से करीब छह किलोमीटर आगे बरोरी मंदिर और सरला छानी के बीच भूस्खलन के कारण पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। रविवार तड़के घटना होने और उस समय मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने के कारण बड़ी परेशानी नहीं हुई।
सुबह चकराता से विकासनगर और देहरादून की ओर जा रहे वाहन चालकों मोहित आनंद, वीरेंद्र सिंह और चाइया प्रकाश समेत अन्य लोगों ने सड़क पर पेड़ गिरा देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर हटाया पेड़
सूचना मिलते ही चकराता पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने पेड़ को बीच से काटकर सड़क के किनारे किया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता बनाया गया। करीब साढ़े सात बजे मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों के साथ वापस लौट रहे पर्यटकों के वाहन भी सड़क पर फंसे रहे। मार्ग खुलने के बाद इन वाहनों को भी आगे जाने का रास्ता मिल सका।
बारिश में भूस्खलन और पेड़ गिरने का खतरा
चकराता-कालसी मार्ग चकराता और जौनसार-बावर क्षेत्र के बड़े हिस्से को देहरादून, विकासनगर सहित मैदानी क्षेत्रों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। बरसात के दौरान भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण इस मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बारिश के मौसम में मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है।
