हरिद्वार। हरेला पर्व के अवसर पर आदर्श बाल विद्या मंदिर में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में स्वामी यतीश्वरानंद ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “आज एक पौधा लगाएँ, कल सुरक्षित भविष्य पाएँ” और “पेड़ बचेंगे, तभी जीवन बचेगा” रहा। विद्यालय परिवार ने हरेला पर्व को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक मनाया।
