देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पात्रता परीक्षण, सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक निर्बाध रूप से पहुँचता रहे।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में जनवरी 2026 माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन किस्त वन-क्लिक प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भुगतान किया। इस दौरान राज्य के 9,47,345 पात्र लाभार्थियों को कुल ₹1 अरब 41 करोड़ 66 लाख 51 हजार की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से वितरित की गई, जिसमें नियमित पेंशन के साथ-साथ एरियर भुगतान भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) और वन-क्लिक भुगतान प्रणाली से न केवल भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, बल्कि लाभार्थियों को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के सीधे बैंक खातों में सहायता राशि मिल रही है।
वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सबसे अधिक लाभार्थियों को सहायता दी गई, वहीं विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली एवं बौना पेंशन योजनाओं के माध्यम से भी हजारों नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई।
01 दिसम्बर 2025 से 03 फरवरी 2026 के बीच 15,784 नए लाभार्थियों को योजनाओं में जोड़ा गया, जबकि मृतक लाभार्थियों के 1,523 अपात्र नाम पोर्टल से हटाए गए। डिजिटल पेंशन पोर्टल प्रणाली और स्वचालित आयु-पात्रता पहचान के कारण पात्रता निर्धारण अब सरल, त्वरित और पारदर्शी हो गया है।
