चमोली।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को गैरसैंण में प्रस्तावित बजट सत्र के आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान 9 मार्च से 13 मार्च तक होने वाले बजट सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समय पर सभी तैयारियों को पूरा करने और सत्र के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में सत्र आयोजन से संबंधित सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आवास, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, संचार व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, नगर पंचायत और अन्य संबंधित अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को नियमित निरीक्षण करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि बजट सत्र सुचारू और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
