रुद्रप्रयाग। प्रमुख पर्यटन स्थल मिनी स्विट्जरलैंड चोपता क्षेत्र में टैक्सी संचालकों द्वारा पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को उप जिलाधिकारी उखीमठ अनिल रावत एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह बिष्ट ने स्थानीय थानाध्यक्ष के साथ चोपता क्षेत्र में संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टैक्सी वाहनों की किराया दर सूची, परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में कुछ टैक्सी संचालकों द्वारा निर्धारित किराया दरों से अधिक वसूली किए जाने की पुष्टि होने पर संबंधित चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई तथा नियमानुसार चालान की कार्रवाई भी की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी टैक्सी संचालक अपने वाहनों में स्वीकृत किराया दर सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें और केवल निर्धारित दरों के अनुसार ही किराया वसूलें। पर्यटकों के साथ किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग या अनुचित व्यवहार को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान कुछ प्राइवेट वाहनों की भी जांच की गई। वैध दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट आदि की कमी पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
