UPES देहरादून और ICONA डिज़ाइन ग्रुप के बीच रणनीतिक साझेदारी, फ्यूचर मोबिलिटी पर बनेगा उत्कृष्टता केंद्र

देहरादून।  यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज़ (UPES) ने ऑटोमोबाइल और मोबिलिटी डिज़ाइन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान रखने वाले ICONA डिज़ाइन ग्रुप के साथ एक अहम रणनीतिक साझेदारी की है। इस समझौते के तहत UPES परिसर में फ्यूचर मोबिलिटी पर केंद्रित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी।

यह केंद्र इलेक्ट्रिक वाहन, स्वायत्त वाहन प्रणाली, स्मार्ट शहरी परिवहन, हरित ऊर्जा आधारित यातायात, शहरी नियोजन, नीति निर्धारण और सतत परिवहन तकनीकों जैसे उभरते क्षेत्रों में शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा देगा।

विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में तेज़ी से बदलते परिवहन परिदृश्य को देखते हुए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खास बात यह है कि यह साझेदारी ICONA डिज़ाइन ग्रुप द्वारा आमंत्रण के आधार पर की गई है, जो UPES की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मज़बूत शैक्षणिक और डिज़ाइन पहचान को दर्शाती है। यह अवसर केवल चुनिंदा वैश्विक संस्थानों को ही मिलता है।

साझेदारी के तहत UPES, सेंटर ऑफ ऑटोमोटिव डिज़ाइन एक्सीलेंस की मेज़बानी भी करेगा, जो ICONA के वैश्विक नेटवर्क के अनुरूप कार्य करेगा। इससे UPES को ICONA की औद्योगिक विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा, जबकि ICONA को UPES की शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमताओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

UPES के रजिस्ट्रार मनीष मदन ने कहा कि यह सहयोग भारत के लिए भविष्य के परिवहन समाधान विकसित करने वाले कुशल मानव संसाधन तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह केंद्र नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के लिए शोध और परामर्श का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *