पत्रकार वार्ता में गिनाईं प्राथमिकताएं, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को देंगी प्राथमिकता
नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल की नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सरिता डोबाल ने पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, पीड़ितों को न्याय दिलाना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
एसएसपी सरिता डोबाल ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने, अपराधों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्ती
उन्होंने कहा कि जनपद में नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही नशा उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
एसएसपी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहे हैं। ऐसे में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा। महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस-जन संवाद को किया जाएगा मजबूत
उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका प्रभावी ढंग से निराकरण किया जाएगा। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाना आवश्यक है।
एसएसपी ने आमजन से अपील की कि जनपद में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित समाज की स्थापना की जा सकती है।
