केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर जताई शोक संवेदना, पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी श्रीमती काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। माता का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भोपाल में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय पटवा की धर्मपत्नी से भी आत्मीय मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी।
मुख्यमंत्री ने दोनों अवसरों पर अपनी संवेदनाएं एवं श्रद्धा व्यक्त की।
