पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को मिलेगा आपदा बचाव प्रशिक्षण, हर एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बनेगा आपदा मित्र
देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव एवं राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके अनुभव का लाभ लेकर आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित शिक्षक छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से आपदा से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
मुख्यमंत्री ने आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आपदा के समय आम नागरिकों की सहभागिता और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रदेश में आपदा प्रबंधन हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए जनजागरूकता, पूर्व तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना जरूरी है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा एवं भरत सिंह चौधरी सहित शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
