भैया दूज पर सुबह 10:28 बजे बंद हुए मंदिर के कपाट, उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को यम द्वितीया (भैया दूज) के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ यमुनोत्री धाम की इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने के भावुक क्षणों के साक्षी बनने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु, तीर्थ पुरोहित और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। मां यमुना के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी।

बुधवार सुबह से ही मंदिर परिसर में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई थी। तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। निर्धारित मुहूर्त में सुबह 10:28 बजे मंदिर के कपाट आगामी छह माह के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गुंजायमान रहा।
खरसाली में छह माह तक होंगे मां यमुना के दर्शन
कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हुई। मां यमुना के आगमन को लेकर खरसाली गांव में उत्सव जैसा माहौल है। शीतकालीन गद्दी स्थल को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में अपनी आराध्य देवी के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। खरसाली पहुंचने पर धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के साथ मां यमुना का स्वागत किया जाएगा। आगामी छह माह तक श्रद्धालु खरसाली में ही मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किए दर्शन
इस धार्मिक अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री देवेंद्र फडणवीस शर्मा, राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक, जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गंगाड़ी, अजबीन पंवार, डॉ. कपिल रावत, अमित रावत, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेनू सैनी, सीओ चंचल शर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद, मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, गिरीश उनियाल, प्रदीप उनियाल, विपिन उनियाल और आशीष उनियाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
