सरस्वती शिशु विद्या मंदिर लंबगांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर जीता स्वर्ण पदक, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर
लंबगांव। उत्तराखंड की बेटियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश के कासगंज में आयोजित विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की खेलकूद प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, लंबगांव की अंडर-11 बालिका कबड्डी टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। टीम की इस उपलब्धि से उत्तराखंड सहित टिहरी जनपद और लंबगांव क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कासगंज में आयोजित इस प्रतियोगिता में शिशु शिक्षा समिति उत्तराखंड की ओर से प्रतिभाग करते हुए लंबगांव की छात्राओं ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए क्षेत्र स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य शीशपाल कलूड़ा ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बालिकाओं ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और अथक परिश्रम के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार के साथ ही पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
वहीं, शिशु शिक्षा समिति के सह प्रदेश निरीक्षक विनोद रावत और टिहरी जिले के जिला निरीक्षक राकेश बहुगुणा ने भी छात्राओं की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सफलताएं अन्य विद्यार्थियों को भी खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
कबड्डी टीम में शामिल छात्राएं
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम में जाह्नवी, अंबिका, मानसी, दिया, सोनम, आरवी, राधिका, आरुषी और दिव्या शामिल रहीं। छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
