तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ जनता के बीच जाएगी पार्टी: महेंद्र भट्ट

विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में 60 पार का लक्ष्य तय, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बनेगी रणनीति

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी अपनी विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में अनुमोदित राजनीतिक प्रस्ताव और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर जनता के बीच जाएगी। बैठक में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने और 60 पार का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों के दौरान उत्तराखंड ने विकास और विरासत के क्षेत्र में अनेक अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देवभूमि के पवित्र धामों में व्यवस्थाओं का व्यापक कायाकल्प हुआ है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिला और प्रदेश की आर्थिकी को नई ऊंचाइयां मिली हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। लगातार बढ़ते निवेश ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा रहे हैं। आज उत्तराखंड अनेक क्षेत्रों में देश के अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बनकर उभरा है।

यूसीसी और सख्त कानूनों से उत्तराखंड ने बनाई अलग पहचान

महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर देश में इतिहास रचा गया है। धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून जैसे कदमों से प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने धार्मिक आधार पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की है और 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है।

उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून ने युवाओं की प्रतिभा और उनके भविष्य को सुरक्षित करने का काम किया है। वहीं, लखपति दीदी योजना के माध्यम से मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है।

बूथ की मजबूती से जीत की हैट्रिक का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। अब इसे और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाते हुए चुनावी दृष्टि से पार्टी के पक्ष में खड़ा करना होगा। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से आह्वान किया कि वह संकल्प ले कि उसकी विधानसभा का प्रत्येक बूथ सबसे मजबूत बने, ताकि प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार स्थापित हो सके।

उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह संदेश मजबूती से पहुंचाना होगा कि देवभूमि के विकास में सबसे अधिक योगदान भाजपा सरकारों का रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की क्षमता भाजपा सरकारों में ही है।

हर वर्ग को जोड़ने के लिए होंगे सम्मेलन, निकलेगी जन आशीर्वाद यात्रा

महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में तय किए गए आगामी रणनीतिक कार्यक्रमों को पूरी क्षमता, समर्पण और तन्मयता के साथ आगे बढ़ाया जाए। पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि इसके तहत पंजाबी समाज, सिख समाज, ओबीसी, अनुसूचित जनजाति, युवाओं और महिलाओं सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर शीघ्र ही जन आशीर्वाद यात्रा भी निकाली जाएगी। इस यात्रा को जनभागीदारी की दृष्टि से भव्य और प्रभावशाली बनाया जाएगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक का संकल्प धरातल पर दिखाई दे।

अपने संबोधन के अंत में महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत और सामर्थ्य के साथ संगठन के लक्ष्य को पूरा करने में जुटेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *