हरीश रावत के आत्मीय भोज में जुटीं विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां, सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग’ की भेंट

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद, राजनीतिक, सामाजिक और साहित्यिक जगत की हस्तियों ने साझा किए विचार

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की ओर से देहरादून में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के सम्मान में आयोजित आत्मीय दोपहर भोज राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। इस आयोजन में कांग्रेस नेताओं के साथ चिकित्सक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इस अवसर पर सभी आमंत्रित अतिथियों को कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ भेंट की गई।

हरीश रावत ने स्वयं अतिथियों के बीच पहुंचकर उन्हें पुस्तक भेंट की। वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी पद्मश्री बसंती बिष्ट सहित कई विशिष्ट अतिथियों को अपने हाथों से पुस्तक प्रदान की।

इस दौरान कुमारी शैलजा ने सोनिया गांधी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व में आत्मीयता और ममत्व का विशेष भाव है। उनके साथ बिताए पल हमेशा अविस्मरणीय रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शैलजा के विचारों का समर्थन करते हुए कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया।

दोपहर भोज के बाद सोनिया गांधी की पुस्तक की विषयवस्तु और उसके भावनात्मक पक्ष पर भी चर्चा हुई। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े परिचितों और मित्रों को एक साथ बैठकर आपसी संवाद करने का अवसर मिला है।

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं समेत कई विशिष्ट हस्तियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, गुरदीप सिंह चप्पल, करण माहरा, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, शूरवीर सिंह सजवाण, भुवन कापड़ी, मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और गरिमा मेहरा दसौनी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा पूर्व मुख्य सचिव नृप सिंह नपच्याल, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विनोद शर्मा और चंद्र सिंह नपच्याल, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, पद्मश्री बसंती बिष्ट, आरए खान, वामपंथी नेता इंद्रेश मैखुरी, समर भंडारी और राजेंद्र सिंह नेगी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आयोजन में वरिष्ठ पत्रकारों, समाचार पत्रों के संपादकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी रही।

हरीश रावत की इस पहल ने राजनीतिक सीमाओं से आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को एक मंच पर संवाद और आत्मीय मुलाकात का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *