हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति को किया संबोधित, कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ मंत्र
हरिद्वार। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसकी सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसेवा और आपसी एकजुटता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन सत्ता में रहते हुए भी उतना ही सक्रिय, जीवंत और प्रभावशाली रहना चाहिए, जितना सत्ता से बाहर रहते हुए रहता है। उत्तराखंड में भाजपा के संगठन को देवदार के विशाल वृक्ष के समान मजबूत और गहरी जड़ों वाला बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनना संगठन के परिश्रम और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों के दम पर प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक भूमि पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उन्हें शांति, प्रसन्नता और विश्वास की अनुभूति हो रही है। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लंबे समय तक संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए विशेष रहा है। बैठक में बड़ी संख्या में नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की मौजूदगी संगठन के निरंतर विस्तार और मजबूती का प्रमाण है।
रक्षा मंत्री ने भाजपा की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना संगठन की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।
वैचारिक सिद्धांतों पर आधारित है भाजपा की राजनीति
राजनाथ सिंह ने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान न होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भाजपा की वैचारिक नींव हैं।
उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र सुख एवं विकास की अवधारणा पर आधारित है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर भाजपा अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनावी सफलता के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करता है। सत्ता में रहना या विपक्ष में बैठना पार्टी की विचारधारा को प्रभावित नहीं कर सकता। सिद्धांतों और विचारधारा से समझौता करना भाजपा की कार्यसंस्कृति नहीं है।
कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ मंत्र
रक्षा मंत्री ने अपने लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को नौ महत्वपूर्ण सूत्रों पर काम करने का आह्वान किया।
1. संगठन को सबसे अधिक महत्व दें: उन्होंने कहा कि भाजपा का वास्तविक बल उसका संगठन है। सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों की संगठन के प्रति निकटता और अधिक बढ़नी चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद और बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नेतृत्व से जोड़े रखना जरूरी है।
2. जनता के विश्वास के ध्वजवाहक बनें: जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जनता के विश्वास पर खरा उतरना होगा। किसी भी आपदा, दुर्घटना या संकट की स्थिति में भाजपा कार्यकर्ता सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति होना चाहिए। कार्यकर्ता समाज का फर्स्ट रिस्पॉन्डर बने।
3. डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करें: सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न मानकर जनता की भावनाओं, अपेक्षाओं और समस्याओं को समझने का जरिया बनाया जाए। आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए जनता से संवाद और फीडबैक प्राप्त किया जाए।
4. राजनीतिक मर्यादा बनाए रखें: राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचना चाहिए। विपक्ष की उकसाने वाली भाषा का जवाब उसी अंदाज में देने के बजाय तथ्यों और अपने संस्कारों के अनुरूप दिया जाना चाहिए।
5. युवाओं को संगठन से जोड़ें: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय टीम तैयार की जाए। युवाओं को जनसेवा के कार्यों का प्रशिक्षण देकर नेतृत्व और जिम्मेदारियां निभाने के अवसर प्रदान किए जाएं।
6. तथ्यों के आधार पर दें जवाब: विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का जवाब पूरी तैयारी और प्रमाणिक तथ्यों के साथ दिया जाए। लोकतंत्र, ईवीएम और आपातकाल जैसे विषयों पर विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की जरूरत है।
7. सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकारों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाए। केवल योजनाओं की जानकारी देने के बजाय उनसे आम नागरिकों के जीवन में आए बदलाव और लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी साझा की जाएं।
8. नैतिकता और अनुशासन को जीवन में उतारें: प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आचरण में नैतिकता, ईमानदारी, अनुशासन और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनाए रखे। पार्टी की छवि उसके प्रत्येक कार्यकर्ता के व्यवहार से बनती है।
9. संगठन की एकजुटता सर्वोपरि रखें: पद, दायित्व और व्यक्तिगत अपेक्षाओं को लेकर आपसी मतभेद नहीं होने चाहिए। कार्यकर्ताओं को धैर्य, समर्पण और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और छोटी-छोटी बातों से संगठन की एकता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा की मजबूती केवल चुनावी जीत में नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, अनुशासित कार्यकर्ताओं, वैचारिक निष्ठा और निरंतर जनसेवा में निहित है।
