देहरादून। जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम को पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी रिटर्निंग ऑफिसर (RO) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) को विधानसभा क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर मतदाता सूची का गहन सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से प्रत्येक मतदाता का सावधानीपूर्वक सत्यापन कराया जाए। मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट नामों को नियमानुसार हटाने के साथ ही नाम, पिता के नाम एवं अन्य विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 प्राप्त कर संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जनपद में 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 109 मतदाताओं तथा 50 ट्रांसजेंडर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना तथा अपात्र एवं दोहराव वाले नामों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
12 नवंबर को प्रकाशित हो चुकी है ड्राफ्ट मतदाता सूची
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन किया जा चुका है। इस पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
ड्राफ्ट सूची में 12.28 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
अधिकारियों ने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 से पहले जनपद में कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में कुल 12,28,746 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
इनमें 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिला और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रारूप मतदाता सूची में कुछ मतदाताओं के नाम, पिता के नाम एवं विधानसभा क्षेत्र संबंधी विवरणों में त्रुटियां सामने आई हैं। इनका ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ स्तर पर सत्यापन कर नियमानुसार संशोधन किया जा रहा है।
